1. Home
  2. राष्ट्रीय

तुम लोगों को कुछ नहीं आता, अभी बच्चा हो....विधानसभा में विपक्षियों पर भड़के नीतीश कुमार

तुम लोगों को कुछ नहीं आता, अभी बच्चा हो....विधानसभा में विपक्षियों पर भड़के नीतीश कुमार

Bihar Assembly: बिहार विधानसभा में मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले की सरकार में लोग शाम के बाद घरों से बाहर निकलने से डरते थे। न तो राज्य में सड़कें थीं और न ही कोई बड़ा विकास कार्य हुआ था। यहां तक कि सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं भी आम थीं।

तेजस्वी को बताया "बच्चा", सदन में बढ़ा हंगामा

विधानसभा में चर्चा के दौरान जब मुख्यमंत्री की नजर तेजस्वी यादव पर पड़ी, तो उन्होंने उन्हें "बच्चा" कहकर संबोधित किया। नीतीश कुमार ने कहा, "तुम लोगों को कुछ नहीं आता, अभी बच्चा हो। जब हम 2005 में सरकार में आए, तब बिहार की हालत कैसी थी?" मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद आरजेडी विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर सीएम ने तेजस्वी यादव से कहा, "तुम लोग कुछ नहीं जानते।"

शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नोकझोंक

सीएम नीतीश ने अपने कार्यकाल में हुई शिक्षकों की नियुक्ति का भी जिक्र किया। इस पर तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि उस समय तो उनकी सरकार थी। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया, "सारा काम हमने किया था। जब पहली बार गड़बड़ी हुई, तो हटाया गया और जब दूसरी बार भी गड़बड़ी हुई, तो फिर से हटाना पड़ा।" इस दौरान सीएम ने यह भी कहा कि तेजस्वी के पिता, लालू प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनाने में भी उनकी भूमिका रही थी। इस बहस के बीच आरजेडी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

"इन लोगों को कुछ समझ में नहीं आ रहा" – नीतीश

आरजेडी विधायकों के वॉकआउट पर मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा, "ये लोग भाग रहे हैं, क्योंकि इन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा।" इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, "क्या 2005 से पहले कुछ नहीं था? क्या संसार की उत्पत्ति 2005 के बाद ही हुई?" तेजस्वी ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, "सरकार खटारा, सिस्टम नकारा, सीएम थका हारा और आम आदमी फिर रहा मारा-मारा।"

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने 16 सांसदों के बलबूते 2 लाख करोड़ रुपये की सौगात हासिल कर ली, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खाली हाथ रह गए।