1. Home
  2. राष्ट्रीय

जम्मू में ब्लैक आउट : पाक का ड्रोन से हमला, घरों में दुबके लोग, जवाबी फायरिंग जारी

Jammu Kashmir

Operation Sindoor : ऑपरेशन 'सिंदूर' में भारत की बड़ी कामयाबी के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखलाया हुआ है। अपनी नापाक हरकतों से बाज न आते हुए पाकिस्तान ने गुरुवार को जम्मू में बड़ा हमला करने की कोशिश की। जम्मू एयरपोर्ट को टारगेट किया गया।

भारतीय सेना का जवाब मजबूती के साथ

जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान की हर हरकत का करारा जवाब दिया है। ड्रोन और मिसाइल के जरिए किए गए हमलों को वायु रक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक नाकाम किया। जम्मू यूनिवर्सिटी के पास दो पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराए गए। सेना की मुस्तैदी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

Add

सांबा, अखनूर में भारी गोलीबारी

पाकिस्तान ने सीमा से सटे इलाकों में भारी गोलाबारी की, जिसमें सांबा और अखनूर क्षेत्र प्रमुख रहे। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आरएस पुरा, अरनिया, हीरानगर में भी लगातार फायरिंग हो रही है। इन इलाकों में आठ मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें भारतीय वायुसेना की डिफेंस यूनिट्स ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया।

पूरे जम्मू क्षेत्र में ब्लैकआउट और अलर्ट

एहतियातन जम्मू के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। कुछ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क भी बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों के भीतर रहें और नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

स्वार्म और सुसाइड ड्रोन हमले नाकाम

जम्मू एयरपोर्ट पर स्वार्म ड्रोन से हमला करने की साजिश रची गई थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इसी तरह, अन्य स्थानों पर भी आत्मघाती ड्रोन हमलों को भारतीय सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।

15 शहरों को निशाना बनाने की थी कोशिश

हमले से कुछ ही घंटे पहले पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की थी। इसके तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती और शहरी इलाकों में यह हमला हुआ। सेना पूरी तरह से सतर्क है और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।