ननकाना साहिब पर हमले का दावा सफेद झूठ, MEA ने खोली पाकिस्तान के एक-एक झूठ की पोल

नई दिल्ली: पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे झूठे बयानों और उकसावे की घटनाओं पर भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है कि सच्चाई से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विदेश मंत्रालय (MEA) ने प्रेस वार्ता कर पाकिस्तानी झूठों की परतें एक-एक कर खोलीं।
ननकाना साहिब पर झूठा दावा, भारत ने किया खंडन
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे को लेकर जानबूझकर भ्रामक और गलत सूचना फैलाई है। उन्होंने इसे "सफेद झूठ" बताते हुए कहा कि इस झूठ का उद्देश्य भारत में धार्मिक तनाव फैलाना है। पाकिस्तान बार-बार कोशिश कर रहा है कि इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग दिया जाए, लेकिन भारत इसके झांसे में नहीं आएगा।

पाकिस्तानी गोलाबारी से स्कूल पर हमला, दो बच्चों की मौत
मिसरी ने बताया कि 7 मई की सुबह नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारी गोलाबारी के दौरान पाकिस्तान की ओर से दागा गया एक गोला जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक ईसाई स्कूल के पीछे गिरा। इस हमले में दो छात्र जिनके घर वहां थे, मारे गए और उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने कहा, "अगर स्कूल खुला होता, तो जान-माल का और भी बड़ा नुकसान हो सकता था।"
पूजा स्थलों को भी बना रहे निशाना
मिसरी ने कहा कि पाकिस्तान ने गुरुद्वारे, चर्च और मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को भी अपनी गोलाबारी का निशाना बनाया है, जिससे उसकी दुर्भावनापूर्ण मंशा साफ झलकती है।
PAK की तरफ से 400 ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश: सेना का खुलासा
भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया ने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने 36 अलग-अलग जगहों से करीब 300–400 ड्रोनों के जरिए हवाई घुसपैठ की कोशिश की। इनमें से कई ड्रोनों को भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये ड्रोन तुर्की निर्मित अस्सिगार्ड सोंगर मॉडल के हो सकते हैं।
पाकिस्तान में भारत की सटीक जवाबी कार्रवाई
कर्नल सोफिया ने बताया कि भारत ने भी जवाबी कदम उठाते हुए पाकिस्तान के चार वायु रक्षा ठिकानों पर ड्रोन हमले किए, जिनमें से एक ने AD रडार प्रणाली को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने जम्मू के कई इलाकों में भारी हथियारों से हमला किया, लेकिन भारतीय सेना की प्रतिक्रिया में उन्हें भी नुकसान उठाना पड़ा।
नागरिक विमानों की आड़ में छिपने की कोशिश
सोफिया कुरैशी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने नागरिक विमानों का उपयोग ढाल की तरह कर रहा है। उन्होंने कहा, “7 मई की रात एक नाकाम मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद भी पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद नहीं किया, यह जानते हुए भी कि भारत की वायु रक्षा तुरंत प्रतिक्रिया दे सकती है।” इससे सीमा के नजदीक उड़ने वाले नागरिक विमानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
.webp)
