मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दफ्तर से आंबेडकर-भगत सिंह की तस्वीर हटाने पर भड़की AAP, कहा- बाबा साहेब की तस्वीर हटाकर…

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने दावा किया है कि विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दफ्तर से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने इसे बीजेपी की दलित विरोधी राजनीति करार दिया।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी का आरोप
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, "जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में हर सरकारी दफ्तर में डॉ. आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें लगाई जाती थीं। लेकिन आज जब हम विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में गए, तो वहां से दोनों तस्वीरें हटा दी गई थीं। आम आदमी पार्टी इसका कड़ा विरोध करती है।"
AAP का दावा है कि अब मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और महात्मा गांधी की तस्वीरें लगी हैं।
अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "दिल्ली की नई बीजेपी सरकार ने बाबा साहेब की तस्वीर हटाकर प्रधानमंत्री मोदी जी की तस्वीर लगा दी। यह बिल्कुल गलत है। इससे बाबा साहेब के करोड़ों अनुयायियों को ठेस पहुंची है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं बीजेपी से विनती करता हूं कि आप प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाएं, लेकिन कृपया बाबा साहेब की तस्वीर मत हटाइए। उन्हें सम्मान देना आवश्यक है।"
विधानसभा में हंगामा, स्पीकर ने दी नसीहत
इस मुद्दे पर दिल्ली विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। आप विधायक इस फैसले का विरोध करते हुए नाराजगी जाहिर करते दिखे। इस दौरान आतिशी ने नए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को बधाई देने के साथ-साथ तस्वीरें हटाने को "अपमानजनक" करार दिया।
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "विधानसभा की कार्यवाही एक शिष्टाचार का मंच है, इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। मैं आतिशी के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।" इस विवाद के बाद दिल्ली की राजनीति में नए सिरे से तनातनी बढ़ गई है।
.webp)
