Delhi New CM Rekha Gupta : RSS ने महिला के हाथों सौंपी दिल्ली की सत्ता की चाबी, रेखा गुप्ता बनी सीएम

Delhi New CM Rekha Gupta : दिल्ली को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी। अब वे 20 फरवरी की दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगी। उनके साथ मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
बीजेपी आलाकमान ने किया फैसला
भाजपा ने विधायक दल की बैठक के लिए वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। उनकी मौजूदगी में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी।
चुनाव के 11 दिन बाद घोषित हुआ मुख्यमंत्री का नाम
दिल्ली में भाजपा ने 26 साल बाद बड़ी जीत दर्ज की। 8 फरवरी को आए चुनाव परिणाम में भाजपा को 70 में से 48 सीटें मिलीं। लेकिन 11 दिनों की देरी के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हुई। इस देरी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने लगातार सवाल उठाए।
सीएम पद के लिए कई नामों पर चली चर्चा
चुनाव नतीजों के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए कई नेताओं के नामों की चर्चा थी। सबसे अधिक प्रवेश वर्मा के नाम को लेकर अटकलें थीं। उन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ी जीत हासिल की। प्रवेश वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी और वर्तमान में देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। वे शालीमार बाग से विधायक हैं, जहां उन्होंने AAP की बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया।
रेखा गुप्ता की चुनावी जीत
- रेखा गुप्ता को: 68,200 वोट मिले
- बंदना कुमारी (AAP) को: 38,605 वोट मिले
- प्रवीण जैन (कांग्रेस) को: 4,892 वोट मिले
राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और मूल रूप से हरियाणा के जींद की निवासी हैं। वे दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रह चुकी हैं।
- 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं।
- पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा अब दिल्ली में नई सरकार का गठन करने जा रही है।
.webp)
