Eid-ul-Fitr 2025 : भारत में दिखा ईद का चांद, कल देशभर में मनाया जाएगा ईद-उल-फितर का त्योहार

Eid-ul-Fitr 2025 : देशभर में सोमवार को ईद (Eid-ul-Fitr 2025) का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। लखनऊ में चांद नजर आने के बाद ईदगाह इमाम और मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष खालिद रशीद फरंगी महली ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले सऊदी अरब में 29 मार्च को ईद का चांद देखा गया था, जिसके आधार पर भारत में 31 मार्च को ईद मनाने का ऐलान किया गया।
Eid-ul-Fitr 2025 : बाजारों में ईद की चहल-पहल
ईद के करीब आते ही बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। रेडीमेड कपड़ों, जूतों और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे व्यापार में भारी उछाल देखा गया। वहीं, रमजान के अंतिम दिनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने ईदगाह और मस्जिदों के इमामों से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि ईद के मौके पर सड़कों और चौराहों पर नमाज पढ़ने से बचा जाए। चूंकि ईद के दिन मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने आते हैं, इसलिए कई बार जगह की कमी हो जाती है, जिससे लोग सड़क पर नमाज पढ़ने लगते हैं।
मौलाना ने सुझाव दिया कि नमाज को एक के बजाय दो या तीन पालियों में संपन्न कराया जा सकता है, जिससे जगह की कमी को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस्लाम रवादारी और इंसानियत का मजहब है, और अच्छा मुस्लिम वही होता है जिससे किसी को नुकसान न पहुंचे। इस पहल से एम्बुलेंस, आम लोगों और यातायात व्यवस्था में कोई बाधा नहीं आएगी।
ईद खुशी का त्योहार, गम का नहीं – मौलाना रजवी
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा ईद की नमाज में काली पट्टी बांधने के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ईद खुशी का त्योहार है, इसे गम के तौर पर मनाना उचित नहीं। उनका कहना था कि काली पट्टी बांधने के लिए अन्य दिन तय किए जा सकते हैं, लेकिन ईद के दिन नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगनी चाहिए।
देशभर में ईद को लेकर जबरदस्त उत्साह है। मस्जिदों, ईदगाहों और घरों में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि ईद का यह पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।
.webp)
