दिल्ली लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका, 3 गाड़ियों में लगी आग, मची अफरातफरी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार देर शाम लाल किले के पास हुए कार धमाके से हड़कंप मच गया। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी फैल गई। धमाके के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में तीन अन्य गाड़ियां भी आ गईं।
इलाके में फैली दहशत
धमाके के बाद मौके पर धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया है और लाल किला मेट्रो स्टेशन के आसपास ट्रैफिक मूवमेंट रोक दिया गया है।
दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि उन्हें शाम करीब साढ़े छह बजे धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिससे आसपास की तीन गाड़ियों में भी आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं।”
कई घायल
जानकारी के अनुसार, इस धमाके में 8 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को LNGP अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या कार में विस्फोटक सामग्री रखी थी या फिर धमाका किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ।
जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां
घटना के बाद मौके पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डीसीपी नॉर्थ, फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते भी पहुंच चुके हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि धमाके के कारणों और संदिग्ध गतिविधियों का सुराग मिल सके।
ऐतिहासिक क्षेत्र में धमाका, बढ़ी सुरक्षा
जहां यह धमाका हुआ है, वह इलाका लाल किले और चांदनी चौक जैसे अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों के पास आता है, जहां रोजाना सैकड़ों स्थानीय लोग और पर्यटक आते हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं कर रही है। घटना स्थल को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और जांच जारी है।
.webp)
