1. Home
  2. राष्ट्रीय

Farmer Protest: शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प, भड़के बजरंग पुनिया, कहा - जैसा पाकिस्तान बॉर्डर...

Farmer Protest: शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच झड़प, भड़के बजरंग पुनिया, कहा - जैसा पाकिस्तान बॉर्डर...


Farmer Protest : एमएसपी समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे 101 किसानों और पुलिस के बीच शंभू बॉर्डर पर टकराव हो गया। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को किसानों ने हटाने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस घटना में कई किसान घायल हो गए।


सरकार पर बजरंग पूनिया का आरोप


पहलवान और कांग्रेस किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग पूनिया ने इस घटना के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर दावा कर रही है कि किसानों को रोक नहीं रही, लेकिन दूसरी ओर उन्हें आंसू गैस और बल का सामना करना पड़ रहा है।

पूनिया ने आरोप लगाया कि शंभू बॉर्डर पर सरकार का व्यवहार वैसा है जैसा पाकिस्तान बॉर्डर पर होता है। उन्होंने सवाल किया, "जब नेता विरोध करने दिल्ली जाते हैं, तो क्या वे अनुमति लेते हैं? किसान तो केवल अपनी फसलों के लिए एमएसपी की मांग कर रहे हैं। हम हमेशा किसानों का समर्थन करेंगे।"


भड़काऊ बयान पर पुनिया की प्रतिक्रिया


हरियाणा से बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने विवादास्पद बयान देते हुए कहा था कि किसानों के धरना स्थल से 700 लड़कियां गायब हो गईं। इस पर बजरंग पुनिया ने पलटवार करते हुए इसे "बेतुकी बात" करार दिया। उन्होंने कहा, "पंजाब से नशा फैलाने का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन गुजरात के बंदरगाहों पर करोड़ों का नशा पकड़ा गया, उस पर सरकार चुप है।"


भाईचारे को कमजोर करने का आरोप


पूनिया ने कहा कि सरकार इस तरह के बयानों के जरिए पंजाब और हरियाणा के भाईचारे को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हाई कोर्ट ने रास्ते खोलने का निर्देश दिया था, लेकिन सरकार इसे अनदेखा कर रही है।

उन्होंने कहा, "हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे। सरकार किसान और जवान को आपस में भिड़ा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर सरकार एमएसपी की गारंटी दे दे, तो सारे विवाद खत्म हो जाएंगे। किसान अपने खेतों में लौट जाएंगे। लेकिन सरकार केवल वादे करती है, कोई ठोस कदम नहीं उठाती।"