गैस कंपनियों ने फिर बढ़ाई कीमतें, LPG सिलेंडर हुआ और महंगा

दिल्ली में 42 रुपये महंगा हुआ कमर्शियल सिलेंडर
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है।
वहीं कोलकाता में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 53.50 रुपये बढ़ाकर 3255.50 रुपये कर दिए गए हैं। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
गौरतलब है कि गैस कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 1 मई को भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी।
कमर्शियल सिलेंडरों का उपयोग मुख्य रूप से होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और अन्य छोटे-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ी हुई लागत का असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत फिलहाल 913 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।
इससे उन लाखों परिवारों को कुछ राहत मिली है जो पहले से ही बढ़ती महंगाई का सामना कर रहे हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं LPG के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी अस्थिरता और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का सीधा असर घरेलू बाजार पर भी पड़ता है।
इसके अलावा आयात लागत और सप्लाई चेन पर बढ़ते दबाव के कारण गैस कंपनियों को कीमतों में संशोधन करना पड़ रहा है।
.webp)
