1. Home
  2. राष्ट्रीय

Goa Temple Stampede: गोवा के शिरगांव में धार्मिक यात्रा के दौरान मची भगदड़, 7 की मौत, कई घायल, CM प्रमोद सावंत ने दिए जांच के आदेश

goa

Goa Temple Stampede : गोवा के उत्तरी हिस्से में शनिवार सुबह एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शिरगांव स्थित प्रसिद्ध श्री लैराई देवी मंदिर में वार्षिक 'जात्रा' के दौरान मची भगदड़ में कम से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस भयानक हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु घायल अवस्था में जमीन पर पड़े दिखे।

जैसे ही घटना की सूचना मिली, राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं।

हजारों की भीड़ में मची अफरातफरी

हर साल की तरह इस बार भी श्री लैराई देवी की जात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। गोवा के अलावा महाराष्ट्र और कर्नाटक से भी हजारों लोग शिरगांव पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब मंदिर परिसर में भीड़ बहुत अधिक हो गई, तभी अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, और इसी दौरान कुछ श्रद्धालु गिरकर कुचल गए।

एसपी ने दी जानकारी

उत्तर गोवा के एसपी अक्षत कौशल ने बताया कि हादसे में छह लोगों की जान चली गई है और 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को गोवा मेडिकल कॉलेज, बम्बोलिम रेफर किया गया है, जबकि आठ घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि मौके पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस सेवा ‘108’ के साथ तालमेल करते हुए पांच एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर भेजीं। अतिरिक्त डॉक्टरों को बुलाया गया और गंभीर मरीजों के लिए वेंटिलेटर के साथ एक विशेष आईसीयू भी तैयार किया गया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बिचोलिम और उत्तर गोवा जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो। सीएम ने स्पष्ट किया कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर चूक पाई गई, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

कांग्रेस ने जताया दुख

गोवा कांग्रेस पार्टी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर मृतकों के प्रति संवेदना और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।