1. Home
  2. राष्ट्रीय

Haridwar Mansa Devi Temple Stampede : मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर मची भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

hh

Haridwar Mansa Devi Temple Stampede : उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार को मनसा देवी मंदिर की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर अचानक भगदड़ मच गई। अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

घायलों में से एक ने बताया कि मंदिर मार्ग पर भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और तभी भगदड़ मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा मंदिर मार्ग की सीढ़ियों से लगभग 100 मीटर नीचे उस समय हुआ, जब बिजली के झटके की अफवाह फैल गई। इस खबर से लोग घबरा गए और जान बचाने के चक्कर में एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रशासन का बयान

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, "मनसा देवी मंदिर मार्ग पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ मची, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई है। मैं खुद मौके के लिए रवाना हो गया हूं। विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।"

वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया, "हमें जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तुरंत एक्शन लिया। अब तक करीब 35 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। 6 की मौत हो चुकी है और बाकी का इलाज चल रहा है। बिजली के झटके की अफवाह के कारण भगदड़ मचने की बात सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है।"

मुख्यमंत्री का दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर संवेदना प्रकट करते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ की घटना बेहद पीड़ादायक है। SDRF, उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन और अन्य रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में लगी हैं। मैं लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

फिलहाल क्या स्थिति है?

राहत-बचाव कार्य अब भी जारी है। पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। हादसे से जुड़ी हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में भगदड़ क्यों मची। श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।