1. Home
  2. राष्ट्रीय

हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा : बाइक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 12 लोगों की झुलसकर मौत

...

हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के कल्लूर मंडल स्थित चिन्णाटेकूर इलाके में चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस के मुताबिक, अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कालेश्वरम ट्रेवल्स की यह बस हाईवे पर एक बाइक से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे के वक्त बस में ड्राइवर और सहायक समेत 42 यात्री सवार थे। करीब 15 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सीएम और राष्ट्रपति ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “कर्नूल के चिन्णाटेकूर गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे से व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने शोक संदेश में कहा, “कर्नूल में बस में आग लगने की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”