India-Pakistan Ceasefire: पाकिस्तान से सीजफायर के बीच भारतीय वायुसेना का बड़ा बयान, कहा- ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी...

पाकिस्तान की ओर से सीजफायर लागू होने के बाद भारतीय वायुसेना (IAF) ने बड़ा बयान जारी किया है। एयरफोर्स ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी भी चल रहा है और इस अभियान के तहत जो भी ज़िम्मेदारियां दी गई थीं, उन्हें पूरी सटीकता और गंभीरता के साथ पूरा किया गया है।
वायुसेना ने अपने बयान में कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमें जो भी कार्य सौंपे गए थे, उन्हें जिम्मेदारी और सूझबूझ के साथ अंजाम दिया गया है। यह अभियान पूरी तरह रणनीतिक था और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए चलाया गया। फिलहाल ऑपरेशन जारी है, और जैसे ही उपयुक्त समय आएगा, विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।”
इसके साथ ही IAF ने लोगों से अपील की है कि गैर-आधिकारिक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के खबरें शेयर करने से बचें।
पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर उल्लंघन
शनिवार, 10 मई 2025 की शाम को विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि पाकिस्तान की मांग पर दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू किया गया है। हालांकि, इसके तुरंत बाद पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर सहित कई इलाकों में ड्रोन और मिसाइलें दागीं।
भारतीय सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी मिसाइलों और ड्रोनों को नष्ट कर दिया। रात करीब 10 बजे के बाद पाकिस्तान की ओर से कोई सैन्य गतिविधि नहीं देखी गई।
अमेरिका ने निभाई मध्यस्थ की भूमिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में भारत-पाकिस्तान सीजफायर की जानकारी साझा करते हुए कहा कि “दोनों देशों ने आपसी सहमति से संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। अमेरिका ने दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने में भूमिका निभाई है, यह हमारे लिए खुशी की बात है।”
इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस समझौते की पुष्टि की।
भारत का रुख स्पष्ट: आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने ट्वीट में लिखा, “भारत और पाकिस्तान के बीच आज सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर सहमति बनी है। भारत आतंकवाद के हर स्वरूप के खिलाफ पहले भी कड़ा रुख रखता आया है और आगे भी यही नीति जारी रहेगी।”
.webp)
