जया बच्चन ने चोटिल बीजेपी सांसदों पर लगाया ड्रामा करने का आरोप, शहजाद पूनावाला ने किया पलटवार

संसद में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के बीच हुई झड़प के दो दिन बाद, समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसदों पर “नाटक” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती बीजेपी सांसद अपने चोटों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने जया बच्चन की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जया बच्चन, संसद में जया अमिताभ बच्चन कहे जाने पर भड़क जाती हैं, लेकिन राहुल गांधी जैसे "अपराधी" का समर्थन करती हैं।
शहजाद पूनावाला का पलटवार
शहजाद पूनावाला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “कांग्रेस की हताशा चरम पर है। राहुल गांधी ने हिंसात्मक रवैया अपनाते हुए दो बीजेपी सांसदों को घायल कर दिया है और नागालैंड की सांसद कोन्याक के निजी स्पेस का उल्लंघन किया है। यह दुखद है कि विपक्षी दल इस घटना को गंभीरता से लेने की बजाय इसे फर्जी साबित करने पर तुले हुए हैं।”
‘महिला पीड़ितों के साथ नहीं खड़ी होतीं जया बच्चन’
शहजाद ने आगे कहा, “जया बच्चन, जो जया अमिताभ बच्चन कहे जाने पर आक्रोशित हो जाती हैं, अब एक आदिवासी महिला सांसद पर सवाल उठा रही हैं और उन्हें एक्टिंग करने वाला बता रही हैं। इससे उनकी सोच का पता चलता है। जया बच्चन महिला पीड़ितों का समर्थन करने की बजाय नवाब यादव और राहुल गांधी जैसे अपराधियों का साथ देती हैं।”
नागालैंड की सांसद कोन्याक ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने उनके साथ "दुर्व्यवहार" किया, जिससे वह असहज महसूस कर रही थीं।
जया बच्चन का तंज
जया बच्चन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा था, “सारंगी जी नाटक कर रहे हैं। मैंने अपने करियर में (एक अभिनेता के रूप में) राजपूत जी, सारंगी जी और नागालैंड की महिला सांसद से बेहतर अभिनय नहीं देखा। उन्हें अभिनय के लिए हर पुरस्कार दिया जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “राजपूत जी, जो पहले एक छोटी पट्टी में थे, बाद में बड़ी पट्टी में नजर आए। फिर आईसीयू में पहुंच गए और वहां से अपने नेता से बात कर रहे थे। यह प्रदर्शन मेरे जीवन में अब तक का सबसे शानदार अभिनय है।”
झड़प के बाद बयानबाजी जारी
यह घटना संसद में हुई हाथापाई और विवाद के बाद की है, जिसमें इंडिया ब्लॉक और एनडीए के सांसद आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल और गरमा दिया है।
.webp)
