1. Home
  2. राष्ट्रीय

Kunal Kamra Controversy: कौन सा जोक बना विवाद की वजह? शिंदे की शिवसेना के निशाने पर आए कॉमेडियन कुणाल कामरा, जानें पूरा मामला

Kunal Kamra Controversy: कौन सा जोक बना विवाद की वजह? शिंदे की शिवसेना के निशाने पर आए कॉमेडियन कुणाल कामरा, जानें पूरा मामला

Kunal Kamra Controversy: मशहूर कॉमेडियन कुणाल कामरा (Kunal Kamra Controversy) की महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। शिंदे गुट की शिवसेना ने इस बयान पर कड़ा विरोध जताया है, जबकि बीजेपी ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

दरअसल, कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र की राजनीति और एकनाथ शिंदे के शिवसेना से अलग होने पर एक पैरोडी सॉन्ग बनाया, जिसमें उन्होंने "गद्दार" शब्द का प्रयोग किया। चूंकि उद्धव ठाकरे गुट शिंदे पर हमला बोलने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल करता रहा है, इसलिए यह गाना सीधे तौर पर शिंदे पर कटाक्ष माना जा रहा है। इस विवाद के चलते शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कुणाल कामरा के शो स्थल पर तोड़फोड़ की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


क्या बोले कुणाल कामरा?

कुणाल कामरा ने अपने शो के दौरान कहा,"जज के ऑर्डर में लिखा है, जो इन्होंने महाराष्ट्र के चुनाव में किया, उस पर तो चर्चा करनी होगी।"इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा, "पहले शिवसेना बीजेपी से बाहर आई, फिर शिवसेना शिवसेना से बाहर आ गई। एनसीपी भी एनसीपी से बाहर आ गई। अब एक वोटर के सामने नौ बटन आ गए, जिससे सब कंफ्यूज हो गए। और यह सब चालाकी एक ही शख्स ने की थी। वो शख्स मुंबई के ठाणे जिले से आते हैं।"

इसके बाद उन्होंने अपने शो में एक पैरोडी गीत सुनाया, जिसने विवाद को और भड़का दिया।


क्या था पैरोडी गीत में?

अपने शो में कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए यह गीत गाया:

"ठाणे की रिक्शा...ठाणे की रिक्शा, चेहरे पे दाढ़ी, आंखों में चश्मा हाय...
ठाणे की रिक्शा, चेहरे पे दाढ़ी, आंखों में चश्मा हाय...
एक झलक दिखलाए, कभी गुवाहाटी में छिप जाए...
मेरी नजर से तुम देखो, गद्दार नजर वो आए...

"मंत्री नहीं, वो दलबदलू है और कहा क्या जाए...
जिस थाली में खाए, उसमें ही छेद कर जाए...
मंत्रालय से ज्यादा, फडणवीस की गोदी में मिल जाए...
तीर-कमान मिला है इसको, बाप मेरा ये चाहे...
ठाणे की रिक्शा...ठाणे की रिक्शा, चेहरे पे दाढ़ी, आंखों में चश्मा हाय..."

गाने के ये बोल सीधे तौर पर एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष माने जा रहे हैं।


शिवसेना और बीजेपी का तीखा विरोध

शिवसेना और बीजेपी ने इस गीत और टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है।

  • शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कामरा के शो स्थल पर प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की।
  • बीजेपी नेताओं ने तो यहां तक कहा कि कुणाल कामरा के चेहरे पर कालिख पोत दी जाए

एकनाथ शिंदे पर निशाना साधने से पहले तक कुणाल कामरा कई बार मोदी सरकार पर भी तीखे कटाक्ष कर चुके हैं। ऐसे में उनका यह पैरोडी गीत राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है।