दादा लालू यादव ने पोते का नाम रखा ‘इराज’, जानें क्या है इसका मतलब

Lalu Yadav Grandson: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। मंगलवार को उनके छोटे बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं। इस बार उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। परिवार में पहले से एक बेटी थी और अब बेटे के आगमन से लालू-राबड़ी परिवार में दो-दो नन्हे फूल खिल उठे हैं।
बच्चे के जन्म पर लालू परिवार के साथ-साथ पूरे राजनीतिक गलियारे में खुशी की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं ने तेजस्वी यादव और उनके परिवार को बधाई दी।
लोगों में नाम जानने की थी उत्सुकता
बेटे के जन्म के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की होने लगी कि लालू यादव अपने पोते का नाम क्या रखेंगे। लोगों को उम्मीद थी कि जैसे लालू ने अपनी पोती का नाम धार्मिक महत्व के आधार पर 'कात्यायनी' रखा था, वैसे ही अब पोते का नाम भी कोई अर्थपूर्ण और सांस्कृतिक पहचान वाला होगा और हुआ भी कुछ ऐसा ही। बुधवार को लालू यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए अपने पोते के नाम की घोषणा की। उन्होंने लिखा कि पोते का नाम ‘इराज लालू यादव’ रखा गया है।
नाम ‘इराज’ के पीछे की खास बात
लालू यादव ने बताया कि यह नाम उन्होंने और राबड़ी देवी ने मिलकर तय किया है। 'इराज' शब्द का अर्थ होता है – ‘पवन पुत्र’ या ‘हवा से उत्पन्न’। चूंकि बच्चा मंगलवार को पैदा हुआ, और यह दिन बजरंगबली हनुमान जी को समर्पित होता है, इसलिए इस नाम का चुनाव किया गया।
इस नाम में एक और खूबसूरत बात यह है कि इसमें तेजस्वी यादव का 'इ' और उनकी पत्नी राजश्री का 'राज' भी समाहित है। यानी 'इराज' नाम ना सिर्फ धार्मिक आधार पर अर्थपूर्ण है, बल्कि यह बच्चे के माता-पिता से भी जुड़ाव दर्शाता है।
लालू यादव का एक्स पर पोस्ट
लालू यादव ने एक्स पर लिखा, “हमारी पोती कात्यायनी के छोटे भाई का नाम मैंने और राबड़ी देवी ने ‘इराज’ रखा है। तेजस्वी और राजश्री ने उसका नाम 'इराज लालू यादव' रखा है। कात्यायनी का जन्म नवरात्र की अष्टमी को हुआ था और यह बालक मंगलवार को, हनुमान जी के पावन दिन जन्मा है। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं।”
लालू यादव के इस पोस्ट पर लोगों ने दिल खोलकर बधाई और शुभकामनाएं दीं। कई यूजर्स ने लिखा कि नाम बेहद प्यारा और अर्थपूर्ण है। सभी की यही दुआ है कि 'इराज' अपने परिवार में ढेर सारी खुशियां लेकर आए और हमेशा स्वस्थ व खुशहाल रहे।
.webp)
