LPG Price Hike: होली से पहले महंगाई का झटका, महंगा हुआ एलपीजी सिलेंडर, जानें कितना बढ़ा रेट

LPG Price Hike: होली और रमजान के इस त्योहार भरे महीने में महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। एक मार्च 2025 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 6 रुपये की वृद्धि की गई है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, अब यह सिलेंडर 1803 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1797 रुपये था।
हर महीने की पहली तारीख को होती है समीक्षा
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार दामों में बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब त्योहारों का सीजन चल रहा है। इस महीने न केवल होली और ईद हैं, बल्कि 2 मार्च से रमजान भी शुरू होने जा रहा है। साथ ही, शादी-ब्याह का भी मौसम है, जिससे रसोई गैस की मांग बढ़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं।
आपके शहर में नई दरें
देश के प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: ₹1803 (पहले ₹1797)
- कोलकाता: ₹1913 (पहले ₹1907)
- मुंबई: ₹1755.50 (पहले ₹1749.50)
- चेन्नई: ₹1965 (पहले ₹1959)
घरेलू एलपीजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
हालांकि, घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। लेकिन कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से रेस्तरां और होटल व्यवसाय प्रभावित हो सकते हैं। संभव है कि खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ जाएं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
.webp)
