N Biren Singh Resign: मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने दिया इस्तीफा, अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया फैसला!

N Biren Singh Resign: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। मणिपुर विधानसभा का सत्र 10 फरवरी से शुरू होने वाला था, वहीं विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में था।
दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात के बाद इस्तीफा
एन बीरेन सिंह ने आज दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की थी। इसके कुछ घंटों बाद उन्होंने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा, पार्टी के उत्तर पूर्व प्रभारी संबित पात्रा और 19 विधायक भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता के नाम पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस ने सरकार को बताया असफल
कांग्रेस ने इस इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एन बीरेन सिंह को दो साल पहले ही पद छोड़ देना चाहिए था। कांग्रेस नेता आलोक शर्मा ने कहा, "मणिपुर की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। विधायकों की अंतरात्मा अब जागी है, जबकि उन्हें पहले ही यह कदम उठाना चाहिए था।"
'देर से उठाया गया कदम' – विपक्ष का आरोप
मणिपुर से एनपीएएफ पार्टी के सांसद लोरो फोज ने कहा, "एन बीरेन सिंह पहले ही विधायकों का समर्थन खो चुके थे। यदि उन्होंने डेढ़ साल पहले इस्तीफा दिया होता, तो मणिपुर में हिंसा को रोका जा सकता था। छात्रों का भविष्य बचाया जा सकता था। उनके इस्तीफे से जो नुकसान हुआ, उसकी भरपाई नहीं हो सकती।"
बीरेन सिंह ने केंद्र सरकार को दिया धन्यवाद
इस्तीफे के पत्र में बीरेन सिंह ने लिखा, "मणिपुर की जनता की सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात रही है। मैं केंद्र सरकार का आभार प्रकट करता हूं, जिसने समय पर निर्णय लिए और विकास कार्यों में सहायता की। मणिपुरी जनता के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू की गईं। मेरा अनुरोध है कि केंद्र सरकार भविष्य में भी इसी तरह कार्य करती रहे।"
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मणिपुर का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
.webp)
