Manmohan Singh Death : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की PM मोदी से अपील, मांगा मनमोहन सिंह की समाधि के लिए जगह

Manmohan Singh Death : देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में गुरुवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मनमोहन सिंह की समाधि के लिए विशेष जगह उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। उससे पहले, उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। शुक्रवार को उनके आवास पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर, परिवार समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जो तिरंगे में लिपटा हुआ था। इस दौरान उनकी पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। राजनीतिक दलों के नेता दलगत भावना से ऊपर उठकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
पीएम मोदी ने बताया देश के लिए अपूरणीय क्षति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के निधन को राष्ट्र के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, "डॉ. मनमोहन सिंह एक दयालु व्यक्ति, विद्वान अर्थशास्त्री और देश को आर्थिक सुधारों के जरिए नए युग में ले जाने वाले नेता थे। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को यह सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर कैसे ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।"
पीएम मोदी ने विभाजन के दौरान सिंह के परिवार द्वारा झेली गई कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बावजूद उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल की, जो उनकी असाधारण उपलब्धि को दर्शाता है।
.webp)
