1. Home
  2. राष्ट्रीय

Manmohan Singh Funeral : पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, तीनों सेनाओं ने दी सलामी, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Manmohan Singh Funeral :  पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, तीनों सेनाओं ने दी सलामी, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Manmohan Singh Funeral : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह आज पंचतत्व में विलीन हो गये। दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व पीएम को सेना के तीनों दलों ने सलामी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मनमोहन सिंह की पार्थिव देह को सेना की तोप गाड़ी के माध्यम से निगमबोध घाट लाया गया। इस दौरान राहुल गांधी उनके साथ गाड़ी में मौजूद थे। सुबह 9:30 बजे उनके आवास से पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनकी पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी अंतिम दर्शन किए।

बता दें कि, डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। घर पर बेहोश हो जाने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

डॉ. मनमोहन सिंह, जिन्हें उनकी विनम्रता और आर्थिक नीतियों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में देश को आर्थिक सुधारों की दिशा में अग्रसर किया और एक स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। उनकी सादगी और दूरदृष्टि ने उन्हें देशवासियों के दिलों में अमिट स्थान दिलाया।