मनोज तिवारी का केजरीवाल पर तीखा प्रहार, कहा- झाड़ू वाला ही है दारूवाला…

Delhi Assembly Election : दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान जारी है और राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों में जुट गए हैं। जहां एक ओर आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में वापसी का दावा कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आप पर हमले तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।
दिल्ली की जनता अब आम आदमी पार्टी से तंग आ चुकी है- मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने कहा, "दिल्ली की जनता अब आम आदमी पार्टी से तंग आ चुकी है और बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है। जनता आप को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है ताकि दिल्ली को एक बेहतरीन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र बनाया जा सके।"
'झूठ और लूट' पर आधारित सरकार का आरोप
भाजपा सांसद ने आप सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "यह सरकार झूठ और लूट पर टिकी है।" उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार ने दिल्ली की जनता को केवल धोखे में रखा है।
गाने के जरिए जनता की नाराजगी का जिक्र
मनोज तिवारी ने एक किस्सा साझा करते हुए कहा, "मैं दिल्ली के एक इलाके में था, जहां कुछ लोग गा रहे थे, 'झूठ बोले में न हिचको, मन का काला है, ये झाड़ू वाला ही दारू वाला है।' यह गाना दर्शाता है कि लोग आप सरकार के घोटालों, शराब नीति और प्रदूषण जैसे मुद्दों से परेशान हो चुके हैं।"
'हम आपदा हटाएंगे, भाजपा लाएंगे'
मनोज तिवारी ने कहा, "दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों का समय अब खत्म हो चुका है। भाजपा दिल्ली को नई दिशा देने के लिए तैयार है। हम आपदा हटाएंगे और भाजपा लाएंगे।"
'जीवन बनाम मौत' का मुद्दा
तिवारी ने यह भी कहा कि भाजपा दिल्ली के विकास और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। "जहां आप सरकार ने दिल्ली को मौत परोसी है, भाजपा जीवन देने का वादा करती है। हम केंद्रीय मंत्रियों के साथ मिलकर दिल्ली के विकास के लिए काम कर रहे हैं।"
दिल्ली में चुनावी माहौल गरम है, और सभी दल जनता को रिझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे सत्ता सौंपती है और दिल्ली का भविष्य किस दिशा में जाता है।
.webp)
