1. Home
  2. राष्ट्रीय

Murshidabad Violence : नौ सदस्यीय SIT गठित, CM ममता बनर्जी ने की मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा

Murshidabad

Murshidabad Violence : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हालिया हिंसा की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने नौ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व मुर्शिदाबाद रेंज के डीआईजी करेंगे। जांच टीम में एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (इंटेलिजेंस यूनिट), दो डीएसपी—एक काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स (CIF) से और दूसरा सीआईडी से, चार सीआईडी इंस्पेक्टर, एक ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक, और साइबर क्राइम थाना, सुंदरबन के प्रभारी अधिकारी को शामिल किया गया है।

इसी के साथ, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में मुस्लिम धार्मिक नेताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुर्शिदाबाद हिंसा में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश मुख्य सचिव को देंगी।

दूसरी ओर, धुलियान शहर में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। यहां 130 से अधिक मकानों में आगजनी और लूटपाट की घटनाएं हुईं, साथ ही महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बीएसएफ के जवानों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया, और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, वहीं सरकार की त्वरित कार्रवाई से जांच प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।