National Herald Case: नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया-राहुल गांधी के खिलाफ ED ने दायर की चार्जशीट, सैम पित्रोदा समेत कई नाम शामिल

National Herald Case : नेशनल हेराल्ड से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस (National Herald Case)में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा कदम उठाते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल इस अभियोजन शिकायत में कांग्रेस ओवरसीज विभाग के प्रमुख सैम पित्रोदा और सुमन दुबे समेत अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। कोर्ट ने अब इस मामले में आरोपों पर संज्ञान लेने के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की है।
ईडी की चार्जशीट में कांग्रेस के दिग्गज नेता निशाने पर
यह पहला मौका है जब कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी के खिलाफ किसी मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई उस समय हुई जब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से हरियाणा में एक रियल एस्टेट सौदे को लेकर ईडी की पूछताछ हो रही थी।
कई शहरों में ईडी की बड़ी कार्रवाई
ईडी ने इस मामले में अब तक एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) और यंग इंडिया से जुड़ी करीब ₹751.9 करोड़ की संपत्ति को जब्त किया है। एजेंसी का आरोप है कि ये संपत्तियां अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई थीं। जब्ती की यह कार्रवाई दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों में की गई है।
कांग्रेस ने बताया बदले की राजनीति
कांग्रेस ने ईडी की इस कार्रवाई को सत्ताधारी दल की प्रतिशोध की भावना से प्रेरित करार दिया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना एक तरह से लोकतंत्र के नाम पर किया जा रहा राज्य प्रायोजित उत्पीड़न है। यह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री द्वारा कांग्रेस नेतृत्व को डराने की कोशिश है। लेकिन कांग्रेस और उसका नेतृत्व डरने वाला नहीं है। हम हर हाल में सत्य के साथ खड़े रहेंगे। सत्यमेव जयते।"
.webp)
