Operation Sindoor : भारत ने दिया पहलगाम हमले का करारा जवाब, पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर की एयर स्ट्राइक

Operation Sindoor: भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का सख्त जवाब देते हुए पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह पहला मौका है जब तीनों सेनाओं ने मिलकर एक साथ सीमापार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इस ऑपरेशन में अत्याधुनिक प्रिसिजन गाइडेड हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों को भी ध्वस्त किया जा सका।

पाकिस्तान और PoK में तबाह हुए 9 ठिकाने
भारतीय कार्रवाई में कुल नौ आतंकवादी ठिकानों को टारगेट किया गया, जिनमें से चार पाकिस्तान के भीतर — बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट जैसे इलाकों में थे, जबकि पांच ठिकाने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद थे। इन सभी ठिकानों का इस्तेमाल जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों द्वारा भारत के खिलाफ साजिशें रचने और हमलों की योजना बनाने में किया जा रहा था।
भारत की रणनीति रही स्पष्ट और संयमित
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस ऑपरेशन में कोई पाकिस्तानी सैन्य ठिकाना निशाना नहीं बनाया गया है। भारत की यह कार्रवाई न तो उकसावे की थी और न ही युद्ध की ओर बढ़ने वाली, बल्कि पूरी तरह से सटीक और जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से की गई थी।
मंत्रालय ने बताया कि भारत ने न केवल टारगेट चुनने में बेहद सावधानी बरती, बल्कि हमले की प्रकृति भी सीमित और नियंत्रित रही। यह जवाब उस बर्बर हमले की प्रतिक्रिया में दिया गया है जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान गई थी।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर जल्द आएगी पूरी जानकारी
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई इस जवाबी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। फिलहाल सेना का यह कदम स्पष्ट संकेत है कि भारत अब आतंकी हमलों को सहन नहीं करेगा और हर हमले का करारा जवाब देगा।
.webp)
