Operation Sindoor : पीएम मोदी ने लिया मेरे सुहाग का बदला...'ऑपरेशन सिंदूर' पर बोली शुभम द्विवेदी पत्नी

Operation Sindoor : भारतीय सेना द्वारा 7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के 9 अड्डों को निशाना बनाकर की गई कार्रवाई से पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिवार को थोड़ी राहत और संतुष्टि मिली है। वहीं इस ऑपरेशन के बाद शुभम द्विवेदी की पत्नी ने इस पर भावुक प्रतिक्रिया दी।
पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
शुभम द्विवेदी की पत्नी ने कहा,"मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने हमारे भरोसे को कायम रखा और मेरे पति की शहादत का सच्चा बदला लिया। जब मैंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम सुना, तो मैं फूट-फूटकर रो पड़ी। ऐसा लगा कि मेरे पति को सच्ची श्रद्धांजलि मिल गई हो। मुझे यकीन है, जहां भी वे होंगे, उन्हें अब शांति मिली होगी।"
शुभम के पिता बोले – अब बेटे की आत्मा को मिलेगी शांति
शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने भी सेना की कार्रवाई को सराहते हुए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा,“बेटे को खोने का दर्द कभी नहीं जाएगा, लेकिन यह जवाबी कार्रवाई हमारे दिल को सुकून देती है। पाकिस्तान को कड़ा सबक मिला है, और हमें लगता है कि भारत ने हमारे बेटे की शहादत का न्याय किया है।”

पहलगाम हमले का मंजर अब भी आंखों में ताजा
पहलगाम हमले को याद करते हुए संजय द्विवेदी ने बताया, “हम सब परिवार के साथ पहलगाम घूमने गए थे। शुभम और उसकी पत्नी घोड़े पर बैठकर ऊपर की ओर निकले थे, लेकिन हमने साथ न जाने का फैसला किया क्योंकि मेरी पत्नी की तबीयत ऊपर चढ़ने के लायक नहीं थी। आज सोचता हूं, अगर हम सब साथ होते तो शायद हम भी उस हमले का शिकार हो जाते।”
‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने केवल आतंकवादियों को सबक सिखाया, बल्कि शहीदों के परिवारों को यह संदेश दिया कि देश उनके साथ खड़ा है। यह कार्रवाई शहादत का बदला ही नहीं, पूरे देश की दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल बन गई है।
.webp)
