Pahalgam Terror Attack : भारत का बड़ा एक्शन, सिंधु जल समझौते पर रोक, पाकिस्तान को दिया ये अल्टीमेटम

Pahalgam Terror Attack : दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) की आपात बैठक हुई। बैठक में आतंकी हमले के बाद की स्थिति और भारत की रणनीति पर गंभीर चर्चा हुई।
पाकिस्तान को चेतावनी
विदेश मंत्रालय ने ऐलान किया है कि पाकिस्तान को एक सप्ताह के भीतर अपना उच्चायोग खाली करना होगा। इसके साथ ही भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने के लिए कहा गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को वीजा नहीं दिया जाएगा।
सिंधु जल संधि पर लगाई गई रोक
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बैठक के बाद कहा, “जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित रखा जाएगा। जो लोग नियमानुसार सीमा पार गए हैं, उन्हें 1 मई 2025 से पहले लौट आना होगा।”
बॉर्डर बंद, सुरक्षा अलर्ट
भारत सरकार ने अटारी-वाघा बॉर्डर को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जम्मू-कश्मीर में सेना, एनआईए और अन्य सुरक्षा बल ऑपरेशन मोड में हैं और आतंकियों की तलाश के लिए ड्रोन व हेलिकॉप्टर के जरिए निगरानी की जा रही है।
आतंकी हमले में 26 की मौत, नेपाल का भी नागरिक शामिल
विदेश सचिव के अनुसार, इस हमले में अब तक 25 भारतीय और 1 नेपाली नागरिक की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। आतंकियों ने बायसरन घाटी में पर्यटकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी।
आतंकियों की सूचना पर 20 लाख का इनाम
अनंतनाग पुलिस ने हमले में शामिल आतंकियों की जानकारी देने पर 20 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक, दो स्थानीय और दो पाकिस्तानी आतंकियों की पहचान हो चुकी है।
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार के इस कड़े रुख से साफ है कि अब सीमा पार से आतंक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में और भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
.webp)
