1. Home
  2. राष्ट्रीय

Pahalgam Terror Attack : आतंकी हमले पर बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कहा- भारत को कोई डरा नहीं सकता, जो पर्दे के पीछे छिपे हैं...

Rajnath

Pahalgam Terror Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले (Pahalgam Terror Attack) को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस नृशंस वारदात की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि आतंकियों ने एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर बेहद कायराना हरकत की है, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई।

राजनाथ सिंह ने कहा, “यह हमला केवल एक समुदाय पर नहीं, बल्कि पूरे देश के भरोसे पर किया गया है। मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि केंद्र सरकार इस हमले के पीछे शामिल सभी दोषियों को न्याय के कठघरे तक पहुंचाएगी। चाहे वे सामने हों या पर्दे के पीछे छिपे हों, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने कहा कि इस अमानवीय हमले में देश ने कई निर्दोष नागरिकों को खोया है और यह हर भारतीय के लिए एक गहरा दुख है। “मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

रक्षा मंत्री ने साफ किया कि भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति बेहद स्पष्ट है — जीरो टॉलरेंस। उन्होंने कहा कि “भारत को डराया नहीं जा सकता। आतंकियों की ऐसी हरकतें हमारे इरादों को नहीं डिगा सकतीं। पूरा देश एकजुट है और सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।”

हमले के बाद राजनाथ सिंह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा हालात की समीक्षा की। इस अहम बैठक में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, रक्षा सचिव और सैन्य अभियान महानिदेशक सहित शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों को निर्देश दिया है कि आतंक विरोधी अभियानों में और तेजी लाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।