1. Home
  2. राष्ट्रीय

Pahalgam Terror Attack : राहुल गांधी की PM मोदी से अपील, कहा- पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को...

Rahul Gandhi

Pahalgam terror Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने देश को गहरे शोक और आक्रोश में डुबो दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों को "शहीद" का सम्मानजनक दर्जा प्रदान किया जाए।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के दुख में, शहीद के दर्जे की उनकी मांग में, मैं साथ खड़ा हूं। प्रधानमंत्री से आग्रह है कि वो इस त्रासदी में जान गंवाने वालों को यह सम्मान देकर उनके परिवारों की भावना का आदर करें।


कानपुर में पीड़ित परिवार से मुलाकात

राहुल गांधी ने बुधवार को कानपुर में हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से भेंट की। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने बेटे को शहीद घोषित करने की अपील की है।

"उन्होंने मुझसे कहा कि हमारे बेटे ने देश के लिए अपनी जान दी है, उसे शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। मैं यह संदेश प्रधानमंत्री तक पहुंचा रहा हूं," उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

22 अप्रैल को बेसरन घाटी में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर अचानक हमला बोल दिया था, जिसमें 26 लोग मारे गए। हमलावर सेना की वर्दी में थे और उन्होंने पहले लोगों से धर्म पूछकर, पहचान पत्र देखकर निशाना बनाया। इसमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। यह हमला आगामी अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

पुलवामा के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला

यह आतंकी हमला फरवरी 2019 के पुलवामा हमले के बाद सबसे घातक माना जा रहा है, जब CRPF के 47 जवान शहीद हुए थे। पहलगाम की घटना ने न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरे देश की सुरक्षा नीति और आतंकवाद से निपटने की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।