1. Home
  2. राष्ट्रीय

पाकिस्तान की ड्रोन साजिश नाकाम! बज रहे सायरन, यूपी से लेकर राजस्थान तक हाई अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील

War

India-Pakistan conflict : भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ड्रोन हमलों के खतरे के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की है।

उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट

भारत-पाक संघर्ष की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, गोदौलिया, कैंट रेलवे स्टेशन, सिटी स्टेशन और रोडवेज सहित कई संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

दिल्ली में ऐतिहासिक स्थलों पर सख्त निगरानी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से लाल किला और कुतुब मीनार जैसे ऐतिहासिक स्थलों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Add

पंजाब में ब्लैकआउट के बाद स्कूल बंद

अमृतसर में बीती रात ब्लैकआउट के बाद अब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। पंजाब सरकार ने अगले तीन दिनों तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया है।

राजस्थान के पांच जिलों में शिक्षण संस्थान बंद

राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर और श्रीगंगानगर जिलों में हवाई हमले की आशंका को देखते हुए सभी स्कूल और कोचिंग सेंटर अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।

अन्य राज्यों की स्थिति

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपात बैठक बुलाकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

सरकार और प्रशासन लोगों से संयम बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से सहयोग करने की अपील कर रहे हैं।