Ahmedabad Plane Crash : विमान हादसे में सभी 242 यात्रियों की मौत, पूर्व CM रूपाणी का भी निधन

Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (फ्लाइट AI-171), जो लंदन के लिए रवाना हुआ था, उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद ही क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 242 यात्रियों की मौत हो गई है। यह जानकारी न्यूज एजेंसी AP ने गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से दी है।
इस विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स सवार थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी मारे जाने की खबर है। हालांकि इस संबंध में राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने जो पोस्ट साझा की थी, बाद में उसे हटा दिया गया।
पहचान के लिए करना होगा DNA टेस्ट
हादसा इतना भयावह था कि अधिकतर शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना संभव नहीं है। पुलिस का कहना है कि अब DNA जांच के जरिए ही मृतकों की शिनाख्त की जाएगी।
इमारत में मौजूद डॉक्टर भी घायल
बताया जा रहा है कि विमान, एयरपोर्ट से सटी एक इमारत से टकरा गया जिसमें अहमदाबाद सिविल अस्पताल के कई डॉक्टर रहते हैं। हादसे के वक्त बिल्डिंग में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, जिनमें से 15 से अधिक घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और 1:40 बजे वह क्रैश हो गई। विमान एयरपोर्ट की बाहरी दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास गिरा। जैसे ही विमान धराशायी हुआ, पूरे क्षेत्र में काले धुएं का गुबार छा गया।
.webp)
