1. Home
  2. राष्ट्रीय

अगली बार बिहारी भूंजा खाएंगे....PM मोदी के 300 दिन मखाना खाने की बात पर लालू यादव ने कसा तंज

अगली बार बिहारी भूंजा खाएंगे....PM मोदी के 300 दिन मखाना खाने की बात पर लालू यादव ने कसा तंज

Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते सोमवार को बिहार के भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन में बिहार के मशहूर मखाने का उल्लेख किया। उन्होंने इसे सुपर फूड करार देते हुए बताया कि वह साल के 365 में से 300 दिन मखाना जरूर खाते हैं। पीएम मोदी ने मखाने की लोकप्रियता को वैश्विक स्तर तक पहुंचने की बात कही।

हालांकि, उनके इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कटाक्ष किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा—"इस बार प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 300 दिन मखाना खाते हैं। अगली बार शायद 350 दिन ‘बिहारी भूंजा’ भी खाएंगे, 100 दिन भागलपुरी सिल्क पहनेंगे, छठ मैया का व्रत रखेंगे, गंगा में डुबकी लगाएंगे, जानकी मैया के मंदिर जाएंगे और बचपन से बिहार से रिश्ता जोड़ लेंगे। साथ ही, मधुबनी पेंटिंग से सजे गमछे या कुर्ते में नजर आएंगे, भोजपुरी, मगही, अंगिका, बज्जिका, सुरजापुरी और मैथिली भाषा में कुछ पंक्तियों से भाषण की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा, जननायक कर्पूरी ठाकुर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण समेत अन्य महापुरुषों से अपने संबंध भी बताएंगे।"

पीएम मोदी ने बिना नाम लिए लालू यादव पर किया प्रहार

अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रत्यक्ष रूप से लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले किसान संकटों से जूझते थे, लेकिन एनडीए सरकार ने इस स्थिति को बदला है। उन्होंने कहा, "जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे किसानों की स्थिति में सुधार नहीं कर सकते।"

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पहले यूरिया की कालाबाजारी आम बात थी, किसानों को खाद के लिए लाठियां तक खानी पड़ती थीं। लेकिन अब एनडीए सरकार की नीतियों से यह समस्या दूर हो गई है। उन्होंने दावा किया कि यदि आज एनडीए की सरकार नहीं होती, तो किसानों को यूरिया की एक बोरी 3,000 रुपये में खरीदनी पड़ती और उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता।