1. Home
  2. राष्ट्रीय

PM Modi In Kerala: जहां मैसेज जाना था पहुंच चुका है...केरल में ऐसा क्यों बोले पीएम मोदी

PM Modi

PM Modi In Kerala : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल के विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह (Vizhinjam Port) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, "आज का यह इवेंट कई लोगों की नींद हराम कर देगा।" इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने अपने भाषण में उद्योगपति गौतम अडाणी का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा, "यहां मुख्यमंत्री विजयन भी बैठे हैं, जो इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। शशि थरूर भी यहाँ हैं। यह इवेंट कई लोगों की नींद उड़ा देगा, और जहां संदेश भेजना था, वह भेजा जा चुका है।" उन्होंने आगे कहा, "आज भगवान आदि शंकराचार्य जी की जयंती भी है। तीन साल पहले सितंबर में मुझे उनके जन्म स्थान जाने का सौभाग्य मिला था। आदि शंकराचार्य जी ने केरल से निकलकर देशभर में मठों की स्थापना कर राष्ट्र की चेतना को जागृत किया। मैं उन्हें नमन करता हूं।"

गौतम अडाणी का भी किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया और कहा, "यहां गौतम अडाणी भी मौजूद हैं। अडाणी ने जितना अच्छा पोर्ट यहां बनाया है, उतना अच्छा पोर्ट तो गुजरात में भी नहीं बना था।"

8800 करोड़ में तैयार हुआ विझिंजम पोर्ट

विझिंजम पोर्ट करीब 8800 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और इसकी ट्रांसशिपमेंट हब क्षमता आने वाले समय में तीन गुना हो जाएगी। यह पोर्ट बड़े कार्गो जहाजों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। पीएम मोदी ने कहा, "अब तक भारत की 75% ट्रांसशिपमेंट गतिविधियाँ विदेशी बंदरगाहों पर होती थीं, जिससे देश को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा था। लेकिन अब यह स्थिति बदलने वाली है। पहले जो धन विदेशों में खर्च होता था, वह अब देश के विकास में निवेश होगा, जिससे विझिंजम और केरल के लोगों के लिए नए आर्थिक अवसर उत्पन्न होंगे।"