प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल और भगवंत मान पर ठोका 100 करोड़ का मानहानि दावा, 48 घंटे में माफी और 50-50 करोड़ के हर्जाने की मांग

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ 100 करोड़ रुपये के मानहानि का दावा किया है। वर्मा ने दोनों नेताओं को कानूनी नोटिस भेजकर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके खिलाफ झूठे और बेबुनियाद बयान दिए हैं, जिनसे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है।
प्रवेश वर्मा ने नोटिस में 48 घंटे में बिना शर्त माफी और 50 -50 करोड़ के हर्जाने (कुल 100 करोड़ के हर्जाने) की मांग की है। वर्मा ने केजरीवाल और मान के उन आरोपों को खारिज किया, जिसमें उन्होंने वर्मा पर पंजाबियों को "देश के लिए खतरा" बताने का आरोप लगाया था। वर्मा का कहना है कि उनके और उनके परिवार के योगदान को किसी को साबित करने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा, वर्मा ने दावा किया कि उन्होंने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस को जो सबूत सौंपे हैं, उनके मुताबिक पंजाब से हजारों गाड़ियां दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए लाई गई हैं, और इन वाहनों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए अवैध सामग्री वितरित की जा रही है।
वर्मा ने केजरीवाल के खिलाफ हिंदू धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप भी लगाए और कहा कि भगवान राम और हनुमान पर की गई उनकी टिप्पणी असंवेदनशील और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।
वर्मा ने घोषणा की कि अगर वह यह मानहानि मुकदमा जीतते हैं, तो मिलने वाली राशि का उपयोग नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में करेंगे। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि वह आप की इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करे और चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से कराए।
.webp)
