1. Home
  2. राष्ट्रीय

International Women's Day पर महिलाओं को अपना सोशल मीडिया हैंडल सौंपेंगे प्रधानमंत्री मोदी, BJP नेताओं ने की सराहना


International Women's Day : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में महिलाओं की शक्ति को उजागर करने के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस साल महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट महिलाओं को सौंपेंगे। इस पहल के तहत महिलाएं अपने जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां साझा कर सकेंगी, जिससे उनके संघर्ष और सफलता की कहानियां दुनिया तक पहुंचेंगी।

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने की सराहना

प्रधानमंत्री के इस कदम की बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं की उपलब्धियों को सामने लाकर यह साबित किया कि वे सच्चे अर्थों में महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का यह फैसला बेहद अहम है, क्योंकि यह महिलाओं को अपनी कहानी साझा करने और अपनी आवाज को एक बड़े मंच पर रखने का मौका देगा।"

‘मन की बात’ में क्या बोले पीएम मोदी?

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाएं विज्ञान, खेल, राजनीति और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने सरकार की 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ', 'उज्ज्वला योजना' और 'मुद्रा योजना' जैसी पहलों का उल्लेख किया, जिनसे लाखों महिलाओं को लाभ मिला है।

बीजेपी नेताओं का समर्थन

पीएम मोदी के इस फैसले का बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने भी समर्थन किया। जेपी नड्डा, वीरेंद्र सचदेवा और रेखा गुप्ता सहित कई नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम महिलाओं को सशक्त बनने और समाज में अपनी पहचान मजबूत करने में मदद करेगा।

देशभर में लोकप्रिय हो रहा ‘मन की बात’

‘मन की बात’ कार्यक्रम 2014 से हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होता आ रहा है। यह देशवासियों को जोड़ने और जागरूक करने का एक प्रभावशाली मंच बन चुका है। दिल्ली के नारायणा विहार में आयोजित इस कार्यक्रम में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सांसद बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल

बांसुरी स्वराज ने प्रधानमंत्री के इस फैसले को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में महिलाओं को और अधिक अवसर मिलेंगे, जिससे वे समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकेंगी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में भारत की सराहना

पीएम मोदी ने नमो ऐप पर बने विशेष मंच के जरिए लोगों को अपने विचार साझा करने और महिला दिवस को खास बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में पेरिस में आयोजित एक प्रमुख AI कॉन्फ्रेंस में भारत की तकनीकी प्रगति की वैश्विक स्तर पर प्रशंसा की गई।

प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के शिक्षक थोडासम कैलाश का उदाहरण दिया, जिन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कर कोलामी भाषा में गाने तैयार किए। उनका यह प्रयास जनजातीय भाषाओं को संरक्षित करने में मदद कर रहा है, और आदिवासी समुदाय में इसे खासा पसंद किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत नई तकनीकों को अपनाने में दुनिया से पीछे नहीं है और युवा पीढ़ी की भागीदारी देश को आगे ले जा रही है। चाहे अंतरिक्ष क्षेत्र हो या AI, भारतीय प्रतिभाएं नई क्रांति ला रही हैं।