राहुल गांधी ने मुझे धक्का मारा...70 वर्षीय BJP सांसद प्रताप सारंगी का आरोप

70 वर्षीय भाजपा सांसद प्रताप सारंगी (Pratap Sarangi) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर गंभीर आरोप लगाया है। सारंगी का कहना है कि राहुल गांधी के धक्के से वह गिर गए, जिससे उनके सिर में चोट आई और खून बहने लगा। इस घटना के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
संसद परिसर में बढ़ा हंगामा
गुरुवार सुबह कांग्रेस सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर संसद के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया। इसी दौरान भाजपा सांसद प्रताप सारंगी संसद में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। सारंगी का आरोप है कि प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी ने फर्रूखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घायल सांसद का बयान
प्रताप सारंगी को व्हीलचेयर पर ले जाते समय उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं से करीब दो फीट की दूरी पर था। संसद में जाने के दौरान राहुल गांधी ने मुकेश राजपूत को धक्का दिया, जो मुझ पर आकर गिरे और मेरे सिर में चोट लगी।"
भाजपा सांसदों का गुस्सा
घायल प्रताप सारंगी को देखने पहुंचे राहुल गांधी को भाजपा सांसदों ने घेर लिया और उन पर "गुंडागर्दी" करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने जानबूझकर एक वरिष्ठ नेता को चोट पहुंचाई है।
अमित शाह के बयान से उपजा विवाद
गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अंबेडकर जी को देश की पहली कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा क्योंकि एससी-एसटी के प्रति भेदभाव से वह आहत थे। बीसी रॉय ने नेहरू को पत्र लिखकर चेताया था कि अंबेडकर और राजा जी के मंत्रिपद छोड़ने से गलत संदेश जाएगा। लेकिन नेहरू ने जवाब दिया कि राजा जी के जाने से झटका लगेगा, जबकि अंबेडकर के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।"
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस ने अमित शाह पर बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया और 12 सेकेंड के एक वीडियो को आधार बनाकर प्रदर्शन शुरू किया। पार्टी ने गृह मंत्री से माफी और इस्तीफे की मांग की।
.webp)
