1. Home
  2. राष्ट्रीय

Bihar : बिना इजाजत पैदल ही अंबेडकर छात्रावास पहुंच गए राहुल गांधी, पुलिस से हुई नोक-झोंक, बोले- कोई ताकत मुझे...

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi Bihar Visit : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को बिहार के दरभंगा पहुंचे, जहां वे अंबेडकर छात्रावास में छात्रों से संवाद करना चाहते थे। प्रशासन ने कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी थी और उन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन राहुल गांधी ने प्रशासन की रोक को दरकिनार करते हुए पैदल ही छात्रावास तक पहुंच गए। छात्रों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "कोई ताकत मुझे यहां आने से नहीं रोक सकती।"

"मोदी सरकार से डर के जाति जनगणना की इजाजत दी गई"

अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से साफ कहा है कि जाति आधारित जनगणना कराना ही पड़ेगा। "संविधान को केवल किताब में नहीं, जीवन में उतारना होगा," उन्होंने जोड़ा। राहुल ने आरोप लगाया कि यह सरकार अडानी और अंबानी के लिए काम कर रही है, न कि आम जनता के लिए।

प्रशासन ने रोकने की कोशिश की, पीछे के रास्ते पहुंचे राहुल

राहुल गांधी ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोका, लेकिन वे पीछे के रास्ते से होते हुए अंबेडकर छात्रावास पहुंच गए। उन्होंने कहा, "दलित, पिछड़े, अति पिछड़े और आदिवासी समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्हें शिक्षा से वंचित किया जा रहा है, पेपर लीक हो रहे हैं और हर स्तर पर उन्हें रोका जा रहा है।"


तीन प्रमुख मांगों का ऐलान

राहुल गांधी ने मंच से तीन अहम मांगें रखीं:

  1. जाति आधारित जनगणना – उन्होंने कहा कि जैसे तेलंगाना में जाति गणना हुई, वैसी ही पूरे देश में होनी चाहिए।

  2. निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण लागू हो – उन्होंने कहा कि कानून है, लेकिन मोदी सरकार और बिहार सरकार इसे लागू नहीं कर रही है।

  3. सामाजिक न्याय की गारंटी – उन्होंने कहा कि अब युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए दबाव बनाया जाएगा।

अंत में उन्होंने कहा, "मैं यहां आ गया, मुझे रोका नहीं जा सका, आगे भी हमें कोई नहीं रोक पाएगा।"