1. Home
  2. राष्ट्रीय

1 मार्च से नहीं कटा सकेंगे जनरल टिकट, रेलवे ने पुराना App बंद करने का किया ऐलान

Railway

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (जनरल) टिकट बुकिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले UTS (Unreserved Ticketing System) मोबाइल ऐप को 1 मार्च 2026 से पूरी तरह बंद करने का फैसला किया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते नई सुपर ऐप RailOne पर शिफ्ट हो जाएं, ताकि टिकट बुकिंग और अन्य सेवाओं में किसी तरह की असुविधा न हो।

अब तक UTS ऐप के जरिए यात्री जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और सीजन टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करते थे। रेलवे के अनुसार, ये सभी सुविधाएं अब RailOne ऐप पर उपलब्ध होंगी। यह ऐप पिछले साल लॉन्च की गई थी और इसे रेल यात्रियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें कई सेवाओं को एकीकृत किया गया है।

R-Wallet बैलेंस रहेगा सुरक्षित

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि UTS ऐप में मौजूद R-Wallet का शेष बैलेंस RailOne ऐप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यात्री अपने मौजूदा IRCTC या UTS लॉगिन आईडी और पासवर्ड से RailOne में लॉगिन कर सकेंगे और बिना किसी रुकावट के बैलेंस का उपयोग जारी रख पाएंगे।

3% तक की छूट का ऑफर

RailOne ऐप के जरिए जनरल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने 3 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। यह डिस्काउंट UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल पेमेंट मोड से भुगतान करने पर मिलेगा। यह ऑफर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगा।

RailOne ऐप की खास सुविधाएं

  • जनरल, रिजर्व और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग

  • PNR स्टेटस चेक और टिकट कैंसिलेशन

  • लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी

  • IRCTC अप्रूव्ड वेंडर से ‘Food on Track’ के जरिए खाना ऑर्डर करने की सुविधा

  • Rail Madad इंटीग्रेशन के माध्यम से शिकायत और फीडबैक दर्ज करना

  • NTES और IRCTC Rail Connect जैसी सेवाएं एक ही ऐप में उपलब्ध

रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप उपयोग में आसान है और डिजिटल इंडिया पहल के तहत यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द RailOne ऐप डाउनलोड कर UTS से ट्रांजिशन पूरा कर लें। अधिक जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित ऐप पर विजिट किया जा सकता है।