Ramban Landslide: जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि और भूस्खलन ने मचाई तबाही, 3 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Ramban Landslide : जम्मू कश्मीर एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान ने कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कुछ क्षेत्रों में नाले उफान पर हैं तो कहीं भूस्खलन ने सड़कों को बंद कर दिया है। हालांकि प्रशासन और पुलिस की तत्परता से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस बीच तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
रामबन में भूस्खलन से तबाही
रामबन जिले में रातभर हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। इससे नेशनल हाईवे बाधित हो गया और कुछ स्थानों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई परिवारों को अपने घर व संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा है।
धरमकुंड में बाढ़ जैसे हालात, 100 लोगों को बचाया गया
धरमकुंड क्षेत्र में बारिश के बाद उफनते नाले का पानी गांवों में घुस आया, जिससे अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। इसमें दस घर पूरी तरह तबाह हो गए, जबकि करीब 25-30 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए धरमकुंड पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और करीब 90 से 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस संकट के बीच सांसद ने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि राहत सामग्री और सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर सांसद निधि से भी सहयोग दिया जाएगा। साथ ही, लोगों से अफवाहों से दूर रहकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
कुलगाम में पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
कुलगाम जिले के गुलाब बाग, काजीगुंड क्षेत्र में भारी बारिश के चलते बाढ़ का पानी घरों में घुस गया। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से चार परिवार फंस गए थे। लेकिन SHO के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जलधारा की दिशा मोड़ी और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लगभग पांच घर खतरे में थे, लेकिन त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।
IMD का रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार ऊपरी इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं बनी रहेंगी, जिससे बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। नदियों और नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन मुस्तैद, राहत शिविर तैयार
प्रशासन और पुलिस बल हाई अलर्ट पर हैं। आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं। कई जगहों पर राहत शिविर बनाए जा चुके हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें, सतर्क रहें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
.webp)
