Republic Day 2025 : कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया ध्वारोहण, दी गई 21 तोपों की सलामी, शुरु हुई परेड

Republic Day 2025 : आज का दिन देशवासियों के लिए गर्व और उल्लास का प्रतीक है। भारत आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस (Republic Day 2025) भव्य समारोहों के साथ मना रहा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित इस विशेष आयोजन में देश की सांस्कृतिक धरोहर और सैन्य ताकत का अद्भुत प्रदर्शन हो रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी दी गई। इस दौरान समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे।
इस बार गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो को आमंत्रित किया गया है। यह भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने का अवसर है। प्रबोवो सुबिआंतो की उपस्थिति ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दी है।
कर्तव्य पथ पर परेड समारोह शुरू हो चुका है, जिसमें भारतीय सशस्त्र बलों की ताकत, नई तकनीकों और आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वायुसेना के विमान, नेवी के शौर्य और सेना की सजगता ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भारत की कला और संगीत की विविधता की झलक देखने को मिल रही है।
समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियां रहीं, जिनमें भारत की विविधता, परंपरा और प्रगति को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
गणतंत्र दिवस न केवल हमारे संविधान को सम्मानित करने का अवसर है, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और समृद्धि का प्रतीक भी है। आज का दिन हर भारतीय के लिए प्रेरणा और गर्व का संदेश देता है।
.webp)
