1. Home
  2. राष्ट्रीय

Republic Day Parade 2025 : 90 मिनट की परेड में 31 झांकियां, महांकुभ से लेकर 'प्रलय' मिसाइल बनेगी आकर्षण का केंद्र

Republic Day Parade 2025 : 90 मिनट की परेड में 31 झांकियां, महांकुभ से लेकर 'प्रलय' मिसाइल बनेगी आकर्षण का केंद्र


Republic Day Parade 2025: 26 जनवरी 2025 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह (Republic Day 2025) की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर इस बार की परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी महाकुंभ की भव्यता और सनातन संस्कृति को प्रदर्शित करेगी। झांकी में महाकुंभ के आयोजन और भारतीय परंपरा में कुंभ के महत्व को खूबसूरती से दिखाया जाएगा। पिछले साल की झांकी में राम मंदिर का प्रदर्शन हुआ था, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

'प्रलय' मिसाइल बनेगी आकर्षण का केंद्र

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने घोषणा की कि इस बार परेड में भारत में विकसित सामरिक मिसाइल 'प्रलय' (Parlay) को प्रदर्शित किया जाएगा। यह मिसाइल पारंपरिक हथियार ले जाने में सक्षम है और 150 से 500 किलोमीटर तक सटीक मार कर सकती है। 'प्रलय' के साथ अन्य स्वदेशी रक्षा प्लेटफॉर्म भी परेड का हिस्सा होंगे।

हेलीकॉप्टरों की गैरमौजूदगी

सिंह ने जानकारी दी कि इस साल उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) 'ध्रुव' परेड का हिस्सा नहीं होंगे। हाल ही में एक दुर्घटना के बाद इन हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, उम्मीद है कि जल्द ही इन्हें फिर से सेवा में शामिल कर लिया जाएगा। भारतीय सशस्त्र बलों और तटरक्षक बल द्वारा 330 से अधिक एएलएच का उपयोग किया जा रहा है।

90 मिनट की परेड में 31 झांकियां

गणतंत्र दिवस परेड करीब 90 मिनट की होगी, जिसमें कुल 31 झांकियां शामिल होंगी। इनमें 16 राज्यों की और 15 केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियां होंगी। परेड में स्वदेशी मिसाइल 'प्रलय' के साथ अन्य रक्षा उपकरण भी दिखाए जाएंगे।

इस परेड में महाकुंभ की झलक और देश के सैन्य कौशल का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जो भारतीय संस्कृति और तकनीकी उन्नति का प्रतीक होगा।