RG kar Rape-Murder Case : 162 दिनों बाद आया फैसला, महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में संजय रॉय दोषी

RG kar Rape-Murder Case : कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में सियालदह कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय को दोषी ठहराया है। सुनवाई के दौरान पीड़िता के माता-पिता भी कोर्ट में मौजूद थे। आरोपी को सजा 20 जनवरी 2025, सोमवार को सुनाई जाएगी।
"मुझे झूठे मामले में फंसाया गया" - संजय रॉय
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, संजय रॉय ने कोर्ट में अपनी सफाई देते हुए जज से कहा, "मुझे बेवजह फंसाया गया है। मैंने कोई अपराध नहीं किया है। असली गुनहगारों को बचाया जा रहा है, जिनमें एक आईपीएस अधिकारी भी शामिल है।"
9 अगस्त 2024 को उत्तरी कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की जांच में खुलासा हुआ कि डॉक्टर के शरीर पर कई चोटों के निशान थे।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय के खिलाफ बीएनएस की धारा 64, 66 और 103/1 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी मेडिकल कॉलेज के सेमिनार रूम में घुसा, जहां आराम कर रही महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और मारपीट की। इसके बाद उसने पीड़िता की हत्या कर दी।
इस जघन्य अपराध से जुड़े मुकदमे की सुनवाई 9 जनवरी को पूरी हुई, जिसमें 50 गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
पोस्टमार्टम से खुली हत्या की सच्चाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला डॉक्टर का दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के लिए गला दो बार दबाया गया ताकि मौत सुनिश्चित हो सके।
पहले इसे आत्महत्या का मामला माना गया था, लेकिन जांच के दौरान हत्या और दुष्कर्म की सच्चाई सामने आई। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया।
डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा की मांग
इस अपराध के खिलाफ कोलकाता में जूनियर डॉक्टरों ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की। इन प्रदर्शनों के कारण राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं दो महीने तक प्रभावित रहीं।
.webp)
