1. Home
  2. राष्ट्रीय

लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप पर लिया एक्शन, पार्टी और परिवार से दिखाया बाहर का रास्ता

lalu

Bihar: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से बाहर कर दिया है। यह कार्रवाई रविवार को की गई, जब लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।

लालू ने जताई नाराजगी

लालू यादव ने अपने पोस्ट में लिखा,"निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अनदेखी हमारे सामाजिक न्याय की लड़ाई को कमजोर करती है। तेज प्रताप का आचरण, भाषा और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार न तो पार्टी की मर्यादा में है और न ही हमारे पारिवारिक संस्कारों के अनुरूप। ऐसे में मैं उन्हें पार्टी और परिवार से अलग करता हूं।"

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि तेज प्रताप यादव की अब न पार्टी में कोई भूमिका होगी और न ही पारिवारिक निर्णयों में। साथ ही उन्होंने कहा कि तेज प्रताप को RJD से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है।

लालू के फैसले पर सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया

इस निर्णय के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने लालू के फैसले की तारीफ करते हुए लिखा,“इसी ईमानदारी के कारण लोग लालू यादव को मसीहा मानते हैं।”

वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल उठाते हुए लिखा,“तेज प्रताप जैसे वरिष्ठ नेता के निजी आचरण का असर सिर्फ निष्कासन से खत्म हो सकता है क्या? जनता अब सिर्फ बयान नहीं, न्याय और पारदर्शिता चाहती है।”

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, विवाद की शुरुआत 24 मई 2025 को तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट होने से हुई। इस तस्वीर में वह एक युवती के साथ नजर आ रहे थे, जिसे अनुष्का यादव बताया गया। पोस्ट में यह दावा किया गया कि तेज प्रताप पिछले 12 वर्षों से अनुष्का के साथ रिश्ते में हैं। हालांकि, कुछ समय बाद वह पोस्ट हटा दी गई।

बाद में तेज प्रताप ने सफाई देते हुए कहा कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था और वायरल हुई तस्वीर एआई से बनाई गई थी।