1. Home
  2. राष्ट्रीय

शिवराज सिंह चौहान को Air India की फ्लाइट में मिली टूटी सीट, जताई नराजगी, फिर किया ये काम...

शिवराज सिंह चौहान को Air India की फ्लाइट में मिली टूटी सीट, जताई नराजगी, फिर किया ये काम...

Shivraj Singh Chauhan : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया (Air India) की सेवाओं को लेकर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि उन्हें भोपाल से दिल्ली की यात्रा करनी थी, जहां से उन्हें पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक, और चंडीगढ़ में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा करनी थी। इसके लिए उन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट AI436 में टिकट बुक कराया था और उन्हें सीट नंबर 8C आवंटित हुई थी।

खराब सीट से हुई असुविधा

शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पोस्ट में बताया कि जब वे अपनी सीट पर पहुंचे तो टूटी हुई थी और बैठने के लिए असुविधाजनक स्थिति में थी। इस कारण उन्हें काफी तकलीफ हुई। जब उन्होंने विमान कर्मियों से इस बारे में शिकायत की, तो उन्हें बताया गया कि प्रबंधन को पहले से ही इस सीट की खराबी की जानकारी थी और इसे बुकिंग के लिए उपलब्ध नहीं होना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि केवल उनकी सीट ही नहीं, बल्कि विमान की कई अन्य सीटें भी खराब स्थिति में थीं।

दूसरी सीट लेने से किया इनकार

इस दौरान सहयात्रियों ने उनसे अनुरोध किया कि वे अपनी सीट बदल लें और किसी अच्छी सीट पर बैठ जाएं, लेकिन उन्होंने किसी दूसरे यात्री को असुविधा में डालना सही नहीं समझा और टूटी हुई सीट पर ही यात्रा पूरी करने का निर्यण लिया।

टाटा प्रबंधन पर सवाल

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें यह उम्मीद थी कि टाटा ग्रुप द्वारा एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद सेवा गुणवत्ता में सुधार हुआ होगा, लेकिन उनकी यह धारणा गलत साबित हुई। उन्होंने यह सवाल उठाया कि जब यात्रियों से पूरा किराया वसूला जाता है, तो उन्हें खराब और असुविधाजनक सीटों पर बैठने के लिए क्यों मजबूर किया जाता है?

उन्होंने एयर इंडिया प्रबंधन से यह स्पष्ट करने की मांग की कि भविष्य में किसी भी यात्री को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि एयर इंडिया को ऐसी लापरवाहियों को रोकने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए ताकि यात्रियों को समय पर पहुंचने की अनिवार्यता का अनुचित लाभ न उठाया जाए।

एयर इंडिया ने मांगी माफी

शिवराज सिंह चौहान की पोस्ट के बाद एयर इंडिया ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए माफी मांगी। अपने आधिकारिक X अकाउंट से एयर इंडिया ने लिखा, "माननीय सर, आपको हुई असुविधा के लिए हम क्षमा प्रार्थी हैं। कृपया निश्चिंत रहें कि हम इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न दोहराई जाए।"

इसके साथ ही एयर इंडिया ने शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि वे डायरेक्ट मैसेज (DM) के माध्यम से अपनी सुविधा के अनुसार बातचीत का समय साझा करें, ताकि इस मामले को उचित तरीके से सुलझाया जा सके।