1. Home
  2. राष्ट्रीय

Tahawwur Hussain Rana : अब तहव्वुर राणा के वॉयस सैंपल लेने की तैयारी, सहमति न मिलने पर कोर्ट का रुख कर सकती है NIA

Tahawwur Hussain Rana

Tahawwur Hussain Rana : 2008 के मुंबई आतंकी हमले में शामिल साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की पूछताछ का सिलसिला जारी है। पहले दिन की पूछताछ में राणा ने कई अहम जानकारियाँ साझा कीं। अब एजेंसी का फोकस राणा के दुबई लिंक और संभावित सहयोगियों की पहचान पर है।

सूत्रों के मुताबिक, एनआईए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि साल 2008 में राणा ने दुबई में किस व्यक्ति से मुलाकात की थी। एजेंसी को संदेह है कि उस व्यक्ति को भी मुंबई हमले की योजना की जानकारी हो सकती है।

राणा का वॉइस सैंपल लेने की तैयारी

जांच एजेंसी तहव्वुर राणा के वॉइस सैंपल लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है, जिससे यह पुष्टि की जा सके कि क्या हमले के दौरान वह आतंकियों के सीधे संपर्क में था। चूंकि वॉइस सैंपल लेने के लिए राणा की सहमति आवश्यक है, इसलिए यदि वह मना करता है तो एनआईए को कोर्ट से अनुमति लेनी होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तहव्वुर राणा सैंपल देने से इनकार करता है और यह बात चार्जशीट में दर्ज होती है, तो यह राणा के खिलाफ एक मजबूत बिंदु बन सकता है।

पूछताछ में मिले चौंकाने वाले इनपुट्स

पूछताछ के दौरान तहव्वुर राणा ने खुलासा किया कि उसे सेना में सेवा देना बेहद पसंद था। इसी दौरान वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में आया और फिर लश्कर-ए-तैयबा जैसे कट्टरपंथी संगठन से जुड़ गया।

बताया जा रहा है कि आईएसआई और आतंकी संगठनों की गोपनीय बैठकों में राणा अक्सर सेना की वर्दी पहनकर शामिल होता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह कई बार आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों में गया था।

राणा का साजिद मीर से भी संपर्क था, जो कि हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है। इसके अलावा उसके संबंध हरकत उल जिहाद अल इस्लामी (HuJI) से भी बताए जा रहे हैं।

डॉक्टर से आतंकी नेटवर्क तक

तहव्वुर राणा पेशे से चिकित्सक है और पाकिस्तानी सेना की मेडिकल कोर में भी काम कर चुका है। सेना से इस्तीफा देने के बाद वह 1997 में कनाडा चला गया, जहां उसने इमिग्रेशन कंसल्टेंसी फर्म शुरू की। इसी फर्म के माध्यम से उसने डेविड हेडली को भारत का वीजा दिलाने में मदद की थी। उसकी पत्नी समराज राणा अख्तर भी पेशे से डॉक्टर हैं।

एनआईए अब तहव्वुर राणा से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने और पूरी साजिश की परतें खोलने में जुटी है।