1. Home
  2. राष्ट्रीय

UGC बिल पर आया तेज प्रताप यादव का रिएक्शन, बोले– यह दलित-पिछड़े छात्रों के हित में ऐतिहासिक कदम

tejpratap

 नई दिल्ली। यूजीसी बिल 2026 को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी के बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस बिल के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। मंगलवार को तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर UGC के नए नियमों को ऐतिहासिक बताया।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन द्वारा लाया गया “Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026” कानून गरीब, दलित, पिछड़े और अतिपिछड़े समाज के छात्रों के हित में उठाया गया बड़ा और सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि यह नियम विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जातिगत भेदभाव को रोकने की दिशा में मजबूत पहल है।

अपने बयान में तेज प्रताप यादव ने कहा कि नए कानून के तहत हर विश्वविद्यालय और कॉलेज में इक्विटी कमेटी का गठन किया जाना बेहद जरूरी और सकारात्मक फैसला है। यह कमेटी एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों की शिकायतों को सुनेगी और तय समयसीमा में उनका निपटारा करेगी। इससे उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता का माहौल बनेगा और संविधान में निहित समानता और अधिकारों को मजबूती मिलेगी।

तेज प्रताप यादव ने यूजीसी बिल का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल इस कानून का पूरा समर्थन करती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस कानून को सनातन से जोड़कर विरोध कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज भी सनातन परंपरा का ही हिस्सा है। ये सभी हमारे समाज के भाई-बहन हैं।

उन्होंने कहा कि यह कानून किसी वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा संस्थानों में बराबरी और न्याय सुनिश्चित करने के लिए लाया गया है और इसे इसी नजरिए से देखा जाना चाहिए।