1. Home
  2. राष्ट्रीय

जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर हैंड-ग्रेनेड से आतंकी हमला, ई-रिक्शा से आए थे हमलावर

Manornajan

पंजाब के जालंधर शहर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज आतंकी घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया (Former Minister Manoranjan Kalia) के आवास पर एक अज्ञात हमलावर ने हैंड-ग्रेनेड से हमला किया। यह धमाका रात करीब एक बजे हुआ और इससे घर में काफी नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

धमाके की आवाज सुनते ही पूर्व मंत्री और उनके परिवार के अन्य सदस्य जो उस वक्त घर के अंदर सो रहे थे, तुरंत जाग गए। मनोरंजन कालिया ने बताया कि उन्हें पहले यह किसी गड़गड़ाहट की आवाज जैसी लगी, लेकिन बाद में जब उन्होंने जानकारी ली तो पता चला कि यह एक धमाका था। इसके बाद उन्होंने अपने गनमैन को पुलिस स्टेशन भेजा।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आई हमले की साजिश

घटना की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर यह सामने आया कि एक व्यक्ति ई-रिक्शा से कालिया के घर के बाहर पहुंचा और हैंड-ग्रेनेड का लीवर निकालकर उसे घर के भीतर फेंक दिया। ग्रेनेड गिरते ही तेज धमाका हुआ जिससे घर के हिस्सों को खासा नुकसान पहुंचा।

जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने पुष्टि करते हुए बताया, "हमें रात एक बजे के करीब विस्फोट की सूचना मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।"

हाई-सिक्योरिटी जोन में हुआ हमला

गौरतलब है कि मनोरंजन कालिया की कोठी शहर के बीचोंबीच स्थित है, जहां से थाना मात्र एक मिनट की दूरी पर है। उनके आवास के सामने नगर निगम का कार्यालय है। कालिया को राज्य सरकार द्वारा चार गनमैन भी अलॉट किए गए हैं और उनके सुरक्षा इंचार्ज का नाम निशान सिंह है।

पटियाला में भी हो चुका है धमाका

इससे पहले एक अप्रैल की रात को पटियाला के बादशाहपुर पुलिस चौकी में भी एक धमाका हुआ था। वह घटना रात दो बजे की थी, जिसमें चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। हालांकि, उस मामले में कोई विस्फोटक सामग्री या ग्रेनेड के अवशेष नहीं मिले और पुलिस ने ग्रेनेड हमले की आशंका से इनकार किया था।

जांच जारी, आतंकी एंगल की आशंका

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आतंकी एंगल से इनकार नहीं किया गया है। इस हमले से जालंधर में दहशत का माहौल बन गया है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं और उम्मीद की जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, भाजपा नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और प्रदेश सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।