सुप्रीम कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की परोल पर सुनवाई से किया इनकार, कहा - जनहित याचिका के नाम पर...

सुप्रीम कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बार-बार परोल या फर्लो दिए जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करने से मना कर दिया। कोर्ट ने कहा कि जनहित याचिका के नाम पर किसी विशेष व्यक्ति को मिली राहत को चुनौती नहीं दी जा सकती। यदि किसी नियम या उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन हुआ है, तो इसे हाई कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उठाए सवाल
यह याचिका शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दाखिल की थी, जिसमें 2022 से अब तक राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर आने का मुद्दा उठाया गया था। विवादास्पद धर्मगुरु की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने तर्क दिया कि यह याचिका राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण दायर की गई है। इस पर याचिकाकर्ता के वकील ने सवाल उठाया कि जब राम रहीम खुद को धार्मिक व्यक्ति बताते हैं, तो फिर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का तर्क कहां से आया? इस पर रोहतगी ने जवाब दिया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी भी स्वयं को धार्मिक संस्था मानती है, तो फिर उसकी ओर से यह याचिका दाखिल करने का क्या औचित्य है?
हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन होने पर वहां करें अपील
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस भूषण रामाकृष्ण गवई और जस्टिस मनोज मिश्रा ने यह भी उल्लेख किया कि हाई कोर्ट ने पहले ही कहा था कि सरकार राम रहीम की परोल के अनुरोध पर नियमों के तहत विचार कर सकती है। याचिकाकर्ता के वकील ने तर्क दिया कि पिछले वर्ष राम रहीम को मिली रिहाई हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन थी। इस पर जजों ने कहा कि यदि ऐसा है, तो राज्य सरकार के खिलाफ हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की जा सकती है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाकर जनहित याचिका स्वीकार नहीं की जा सकती।
हत्या और रेप के मामले में दोषी
गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम को हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के लिए सजा सुनाई जा चुकी है। 2017 में, दो महिला अनुयायियों के साथ बलात्कार के मामले में उन्हें 20 साल की सजा दी गई थी। इसके अलावा, 2002 में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी 2019 में उन्हें दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बावजूद इसके, हरियाणा सरकार उन्हें बार-बार परोल या फर्लो देकर जेल से बाहर आने का अवसर देती रही है।
.webp)
