1. Home
  2. राष्ट्रीय

Top 10 News : एक क्लिक में पढ़ें सुबह की टॉप 10 खबरें...

Top 10

4 May 2025 – टॉप 10 बड़ी खबरें

1. NEET UG 2025: त्रिस्तरीय सुरक्षा में होगी परीक्षा, फर्जीवाड़े पर सख्ती

आज देशभर में नीट-यूजी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहली बार त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। 99% परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में बनाए गए हैं। शनिवार को सभी 5,468 केंद्रों पर मॉक ड्रिल भी की गई।

2. आधे देश में बारिश और आंधी का कहर, 5 दिन का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 16 राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, केरल और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। यह स्थिति आगामी पांच दिन तक बनी रह सकती है।

3. पहलगाम आतंकी हमले में चीनी कंपनी का सैटेलाइट फोन इस्तेमाल, बड़ा खुलासा

एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि हमले के दौरान प्रतिबंधित चीनी कंपनी हुवावे का सैटेलाइट फोन उपयोग में लाया गया। आशंका है कि यह फोन पाकिस्तान या किसी अन्य देश से तस्करी कर लाया गया था।

4. सिंगापुर आम चुनाव: लॉरेंस वोंग को दो-तिहाई बहुमत, पीएपी की बड़ी जीत

सिंगापुर में पीएपी ने आम चुनाव में 97 में से 65 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को अब सरकार बनाने में कोई बाधा नहीं है।

5. बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालुओं पर हुई पुष्पवर्षा

बदरीनाथ धाम के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में खोले गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। देश-विदेश से आए हजारों भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन किए।

6. भारत की सख्ती से तिलमिलाया पाकिस्तान, भारतीय जहाजों के लिए बंदरगाह किए बंद

पहलगाम हमले के बाद भारत की कूटनीतिक कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने भारतीय जहाजों को अपने बंदरगाहों में प्रवेश की अनुमति रद्द कर दी है। भारत ने भी पाकिस्तानी जहाजों और डाक सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया है।

7. IPL 2025: RCB ने CSK को हराकर टॉप पर कब्जा जमाया

रोमांचक मुकाबले में आरसीबी ने चेन्नई को दो रन से मात देकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। आयुष म्हात्रे (94) और जडेजा (77*) की पारियां भी चेन्नई को जीत नहीं दिला सकीं।

8. राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में: पाकिस्तानी महिला से शादी छुपाने पर CRPF जवान बर्खास्त

सीआरपीएफ ने जवान मुनीर अहमद को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उस पर पाकिस्तानी महिला से शादी की बात छिपाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप है।

9. ओडिशा: कटक में पुल का स्लैब गिरने से 3 की मौत, जांच जारी

कटक के खाननगर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से एक इंजीनियर और दो मजदूरों की जान चली गई। दो अन्य घायल हैं। हादसे की जांच की जा रही है।

10. यूपी में 8 मई तक बारिश-आंधी का अलर्ट, 9 मई से लौटेगी भीषण गर्मी

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 8 मई तक आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। इसके बाद गर्मी फिर चरम पर पहुंचेगी। कई जिलों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।