1. Home
  2. राष्ट्रीय

Train Fare Hike : 1 जुलाई से महंगा हो सकता है ट्रेन का सफर, AC और Sleeper क्लास का इतना बढ़ेगा किराया

Railway

Train Fare Hike : अगर आप भी लंबी दूरी की यात्रा मेल/एक्सप्रेस या एसी ट्रेनों में करते हैं, तो 1 जुलाई 2025 से आपकी जेब पर असर पड़ सकता है। रेलवे मंत्रालय यात्री किराए में मामूली बढ़ोतरी की तैयारी कर रहा है, जो 1 जुलाई से लागू हो सकती है। प्रस्तावित बढ़ोतरी AC और Non-AC दोनों श्रेणियों के लिए है, हालांकि लोकल और सबअर्बन ट्रेनों के यात्रियों को फिलहाल राहत दी जाएगी।

रेलवे मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी श्रेणी (जैसे स्लीपर, सेकंड सीटिंग) का किराया 1 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ाया जा सकता है। वहीं सभी एसी क्लास (AC फर्स्ट, सेकेंड, थर्ड) में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ाने का प्रस्ताव है। यह बढ़ोतरी बहुत मामूली है और इसका मकसद रेलवे की आर्थिक स्थिति को सुधारना और यात्रियों को बेहतर सेवाएं देना है। मंत्रालय का दावा है कि 2020 और 2013 की पिछली बढ़ोतरी के मुकाबले यह संशोधन सबसे कम होगा।

कौन से यात्रियों को नहीं होगी कोई परेशानी?

रेलवे ने यह स्पष्ट किया है कि रोजाना यात्रा करने वालों, मासिक पासधारकों और लोकल/सबअर्बन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों पर यह बढ़ोतरी लागू नहीं होगी। इसके अलावा, 500 किलोमीटर तक की यात्रा करने वालों के लिए सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल कोच) में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। हालांकि, 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर आधा पैसा प्रति किलोमीटर तक का इजाफा संभव है।

अब तक कितनी बढ़ोतरी हुई है?

रेलवे के इतिहास पर नजर डालें तो इससे पहले जनवरी 2020 में किराए में बढ़ोतरी की गई थी, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में इस प्रकार संशोधन हुआ था:

  • साधारण द्वितीय श्रेणी: 1 पैसा प्रति किलोमीटर
  • मेल/एक्सप्रेस सेकंड क्लास: 2 पैसे प्रति किलोमीटर
  • स्लीपर क्लास: 2 पैसे प्रति किलोमीटर
  • सभी एसी क्लास: 4 पैसे प्रति किलोमीटर


वहीं साल 2013 में तो किराए में भारी संशोधन किया गया था:

  • साधारण द्वितीय श्रेणी: 2 पैसे प्रति किलोमीटर
  • मेल/एक्सप्रेस द्वितीय श्रेणी: 4 पैसे प्रति किलोमीटर
  • स्लीपर क्लास: 6 पैसे प्रति किलोमीटर
  • एसी द्वितीय श्रेणी (AC 2 Tier): 6 पैसे प्रति किलोमीटर
  • अन्य सभी एसी क्लास: 10 पैसे प्रति किलोमीटर


इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि 2025 में प्रस्तावित वृद्धि 1-2 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से है, जो पिछले दोनों अवसरों से कहीं कम है।

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, "यह संशोधन यात्रियों पर भारी बोझ नहीं डालेगा बल्कि इससे रेलवे की सेवाएं सुधारने में मदद मिलेगी। कोरोना महामारी के बाद से रेलवे को भारी वित्तीय घाटा झेलना पड़ा है, जिससे उबरने के लिए यह जरूरी कदम है।"

यात्रियों के लिए नया ऐप: 'ईसीओआर यात्रा'

इसी बीच, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) ने एक नया मोबाइल ऐप ‘ईसीओआर यात्रा’ लॉन्च किया है। इसे खासतौर पर पुरी में होने वाली रथ यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है और इसमें यात्रियों को रेल सेवाओं से जुड़ी लाइव जानकारी मिलेगी।

ईसीओआर यात्रा ऐप की मदद से श्रद्धालु विशेष ट्रेनों की समय-सारिणी, प्लेटफॉर्म की स्थिति, लाइव ट्रेन लोकेशन, टिकट बुकिंग सहायता, आवास विकल्प और पर्यटक सुविधाएं एक ही स्थान पर देख सकेंगे। इससे पहले हर साल रथ यात्रा के दौरान भीड़ और जानकारी के अभाव में यात्रियों को दिक्कत होती थी, जिसे देखते हुए यह ऐप काफी मददगार साबित हो सकता है।