1. Home
  2. राष्ट्रीय

Kamayani Express में बम की खबर से हड़कंप, बीना जंक्शन पर रोकी गई ट्रेन

Kamayani Express में बम की खबर से हड़कंप, बीना जंक्शन पर रोकी गई ट्रेन

Kamayani Express Bomb Threat : बलिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही 11072 कामायनी एक्सप्रेस में मंगलवार दोपहर बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। खबर मिलते ही बीना जंक्शन पर ट्रेन को तत्काल रोका गया और जांच अभियान शुरू हुआ। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा कारणों से कुछ डिब्बों के यात्रियों को बाहर निकाला गया और स्टेशन पर अलर्ट जारी कर दिया गया।

सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं गहन जांच

भोपाल कंट्रोल रूम के निर्देश पर पूरी ट्रेन की गहन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्ते को सागर से बुलाया गया, जबकि सागर रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई। ट्रेन के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बना दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

अफवाह होने की संभावना, सतर्कता बरत रही एजेंसियां

प्रारंभिक जांच में बम की सूचना अफवाह होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरतते हुए जांच कर रही हैं। इस घटना के चलते यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।